अल्मोड़ा में शीत लहर का कहर, जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने विभागों के साथ की बचाव कार्यों की समीक्षा….
अल्मोड़ा: आने वाले दिनों में बढ़ती शीत लहर की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि शीत लहर से जन-जीवन प्रभावित न हो, इसके लिए सभी विभाग युद्धस्तर पर तैयारी सुनिश्चित करें। उन्होंने नगर निकाय, विद्युत,जल संस्थान, चिकित्सा तथा आपदा प्रबंधन समेत सम्बंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। नगर निकायों को रात्रि में अलाव की व्यवस्था करने तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बस स्टैंड, अस्पताल परिसर आदि में विशेष निगरानी रखने को कहा, जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग अस्पतालों में हीटिंग सिस्टम, दवाइयों और इमरजेंसी सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आपदा प्रबंधन विभाग को शीत लहर की चेतावनी एवं राहत संबंधी जानकारी समय पर आमजन तक पहुंचाने हेतु अलर्ट सिस्टम सक्रिय रखने को कहा।
उपजिलाधिकारियों को निराश्रित एवं जरूरतमंद लोगों के लिए शेल्टर होम्स में गर्म कपड़ों, कंबलों और भोजन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग को ठंड बढ़ने की स्थिति में बिजली आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने तथा किसी भी खराबी पर त्वरित सुधार कार्य करने को निर्देशित किया
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने स्तर पर शीत लहर से बचाव संबंधी तैयारियों की जमीनी समीक्षा करें साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



