ऊधमसिंहनगर में उड़ा अफवाहों का ड्रोन, लोग भयभीत, एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने दिया स्पष्टीकरण, जानिए पूरा मामला…
ऊधमसिंहनगर: रात का अंधेरा… और आसमान में उड़ती हुई एक रहस्यमयी परछाईं… लोगों ने ऊपर देखा… और फिर सबकुछ बदल गया…डर ऐसा कि घरों के दरवाज़े बंद हो गए, नींदें उड़ गईं और निगाहें छतों से चिपक गईं…
ऊधमसिंहनगर में एक अफवाह ने इतना ज़हर घोल दिया कि अब डर चौपालों से लेकर सोशल मीडिया तक पसरा है…लेकिन क्या ये सिर्फ अफवाह है… या वाकई कोई अदृश्य खतरा मंडरा रहा है? ड्रोन के साये ने पूरे जिले के जनजीवन को हिला कर रख दिया है। रात होते ही लोग छतों पर निगरानी देने लगते हैं, खेतों की मेढ़ों पर पहरा चलता है और मोहल्लों में चुपचाप चलती निगाहें अब हर परछाईं पर सवाल उठाती हैं। अफवाहों का बाजार इस कदर गर्म है कि लोग अब अपने ही साए से डरने लगे हैं। कहीं आसमान में उड़ती कोई चीज़ देखी गई, तो कहीं अज्ञात व्यक्ति को देख भीड़ ने उसे घेर लिया — कुछ जगहों पर तो अनजान शख्स को देखकर मारपीट की नौबत तक आ गई। डर का असर इतना है कि कई गांवों में लोग रात-रात भर घरों के बाहर कुर्सियां डालकर बैठे हैं, चौकीदारी कर रहे हैं। घरों के छोटे बच्चों तक को हिदायत दी जा रही है कि बाहर न जाएं। कई इलाकों में युवाओं ने खुद की निगरानी टीमें बना ली हैं, जो बारी-बारी से गश्त कर रही हैं। सोशल मीडिया ने इस डर को और तेज़ कर दिया है कोई कहता है ड्रोन वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था, तो कोई उसे विस्फोटक ले जाता बता रहा है। तो कोई बिना पुष्टि की वीडियो दिखा कर बोलता है ये है चोरों की वीडियो…
लेकिन इसी बीच पुलिस प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने साफ किया है कि अब तक जिले में ड्रोन से संबंधित कोई आपराधिक गतिविधि सामने नहीं आई है। ये केवल अफवाह है, और लोग इसके बहकावे में न आएं। उन्होंने चेतावनी दी है कि कोई भी व्यक्ति यदि किसी कार्यक्रम या उद्देश्य से ड्रोन उड़ाना चाहता है, तो उसे पहले संबंधित थाना या चौकी से लिखित अनुमति लेनी होगी। साथ ही गांवों में बनाए गए निगरानी दलों की जानकारी भी पुलिस को दी जाए।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा के बयान से साफ है कि फिलहाल जिले में ड्रोन से जुड़ी कोई घटना सामने नहीं आई है, लेकिन जो अफवाहें फैलीं, उन्होंने एक पूरा जिला हिला दिया है।
