अंकिता भंडारी केस में वीआईपी का मामला मुखर, सल्ट में पूर्व प्रमुख विक्रम रावत के नेतृत्व में निकली न्याय यात्रा, हजारों महिलाएं शामिल…
अल्मोड़ा/ सल्ट: अंकिता भंडारी केस में वीआईपी के नाम तथाकथित खुलासे के साथ ही पूरे कुमाऊँ मंडल में कांग्रेस पार्टी द्वारा विरोध प्रदर्शन तेज कर दिए गए है जिनमें बड़ी संख्या में स्थानीय जनता हिस्सा ले रही है….
वर्तमान ज्येष्ठ प्रमुख विक्रम रावत के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा सल्ट रानीखेत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने तथा नए तथ्यों के सामने आने पर निष्पक्ष सीबीआई जांच की मांग को लेकर सैंकड़ों लोगों के साथ न्याय यात्रा निकाली।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने कहा कि यह यात्रा उत्तराखंड की जनता की अंतरात्मा की पुकार थी उस दर्द और आक्रोश की आवाज, जो महीनों से हर पहाड़ी, हर मां-बहन और हर युवा के मन में गूंज रही है: अंकिता को पूरा न्याय क्यों नहीं मिला? सवाल आज भी जस का तस है किस ‘वीआईपी’ को बचाने के लिए सच्चाई पर परतें चढ़ाई जा रही हैं?
पूर्व प्रमुख व वर्तमान ज्येष्ठ प्रमुख विक्रम रावत ने कहा कि यह सिर्फ एक बेटी का मामला नहीं, बल्कि न्याय, संवैधानिक मूल्यों और उत्तराखंड की आत्मा का सवाल है। क्या अलग राज्य का सपना और आंदोलनकारियों की शहादत इसलिए थी कि रसूखदारों को बचाया जाए? सल्ट से उठी यह आवाज पूरे प्रदेश की आवाज है। बिना दबाव की निष्पक्ष सीबीआई जांच हो और अंकिता को पूरा न्याय मिले। सच सामने आने तक संघर्ष जारी रहेगा!
यात्रा में पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य करन महारा, ब्लॉक प्रमुख कंचन रावत, जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक किरौला, वरिष्ठ नेता सोबन सिंह बोहरा, ब्लॉक अध्यक्ष सुंदर सिंह नेगी सहित अन्य पदाधिकारी, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।









