February 4, 2026

“जमीनों व प्राकृतिक संसाधनों की लूट के खिलाफ उपपा का संघर्ष रहेगा जारी” – पी सी तिवारी अध्यक्ष उपपा

0

अल्मोड़ा: उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पी सी तिवारी ने प्रेस वार्ता में कहा कि उपपा पिछले 16 सालों से राजनीतिक, सामाजिक व व्यवस्था परिवर्तन के साथ ही मजदूरों, किसानों, बेरोजगारों, जमीनों व प्राकृतिक संसाधनों की लूट के खिलाफ संघर्ष कर रही है। सड़क से न्यायालय तक यह लड़ाइयां लड़ी जा रही हैं, जिसके चलते जनता में पार्टी की विश्वसनीयता तेजी से बढ़ी है। उन्होंने कहा कि सामाजिक और राजनीतिक बदलाव के साथ ही उत्तराखंडी अस्मिता व अवधारणा को साकार करने के लिए उपपा अपना संघर्ष जारी रखेगी।

      पार्टी के 16 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में उपपा अध्यक्ष पी सी तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी राज्य की एकमात्र राजनीतिक पार्टी है जिसका रजिस्टर्ड कार्यालय गैरसैंण में है, जो हिमालय और उत्तराखंड के विकास की समझ के साथ राज्य को बर्बाद करने वाले माफियाओं, लुटेरों, नौकरशाहों से टकराने की हिम्मत रखती है। उपपा अपने संघर्षशील ईमानदार कार्यकर्ताओं, नेताओं के बल पर उत्तराखंड में एक विश्वसनीय क्षेत्रीय राजनीतिक विकल्प के रूप में सामने आ रही है और तमाम संघर्षशील ताकतें पार्टी के साथ एकजुट हो रही हैं। पार्टी एक विचार लेकर आगे बढ़ रही है और सरकारें इसी विचार से घबराई व डरी हुई हैं।

       उन्होंने कहा कि परिवर्तन पार्टी जोशीमठ, नैनीसार समेत तमाम मुद्दों के लिए सड़क से लेकर न्यायालय तक लड़ाई लड़ रही है। उधमसिंह नगर में मजूदर नेताओं पर गुंडा एक्ट लगाने की कार्यवाही हो या फिर चितई, फलसीमा, डांडाकांडा में जमीनों की निर्मम लूट, इन सब पर उपपा ने बेबाक तरीकें से अपनी आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि दिल्ली से रिमोर्ट कंट्रोल से चलने वाली कठपुतली सरकारें राज्य की अस्मिता के साथ खिलवाड़ कर राज्य में भूमाफियाओं, शराब माफियाओं व पूंजीपतियों को पनाह देने का काम कर रही है। प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार की स्थिति बता रही है कि राज्य की स्थिति अत्यंत खराब है।

      उपपा अध्यक्ष तिवारी ने कहा सरकारों को हिमालयी राज्य उत्तराखंड की संवेदनशीलता से कोई लेना देना नहीं रह गया है। विकास के नाम पर विनाशकारी नीतियां चलाई जा रही हैं, जिससे आज हिमालय पर भी संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि हिमालय दुनिया का थर्ड वाटर टैंक है इसलिए हिमालय पर खतरा सिर्फ उत्तराखंड नहीं बल्कि पूरी दुनिया पर खतरा है। हिमालय का विनाश पूरे देश, दुनिया का विनाश बनेगा।

        तिवारी ने कहा कि उपपा मजदूरों, किसानों, बेरोजगारों के हकों के लिए लगातार आवाज उठा रही है। शिक्षा का बाजारीकरण, स्वास्थ्य सेवाओं में भ्रष्टाचार, पहाड़ में तेजी से बढ़ भूमाफियाओं के कब्जे के खिलाफ के साथ ही जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर उपपा आगे भी अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि पिछले 16 सालों के अपने कार्यों से पार्टी संतुष्ट है। आगे कई चुनौतियां है, जनता का सहयोग मिलेगा तो इस लड़ाई को और बेहतर ढंग से लड़ा जा सकेगा। उन्हें उम्मीद है कि राज्य की दशा व दिशा बदलने के लिए जनता परिवर्तन पार्टी को एक मौका जरूर देगी।

  प्रेस वार्ता में आनंदी वर्मा, नारायण राम, भावना पांडे, राजू गिरी, नीरज पंत, प्रकाश, वसीम आदि मौजूद रहे।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Channel Join Now
Instagram Channel Join Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed