कांग्रेस रामनगर की निरंतर सक्रियता,पंचायतीराज दिवस पर महिला जनप्रतिनिधियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित….
उत्तराखंड के रामनगर का कांग्रेस संगठन धरातल पर संगठन सृजन से लेकर विभिन्न कार्यक्रमों आयोजन की श्रृंखला की लगातार सक्रियता से पूरा करता दिखाई पड़ता है…
रामनगर में आज पंचायती राज दिवस के मौके पर कांग्रेस ने महिला सशक्तिकरण का संदेश देते हुए कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न पदों पर कार्यरत महिला जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया।
रामनगर में पंचायती राज दिवस के अवसर पर कांग्रेस द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और महिला प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम में ग्राम पंचायतों और स्थानीय निकायों में कार्य कर रही महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत सहित महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष खष्टी बिष्ट सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रणजीत सिंह रावत ने पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं को मिले अधिकारों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पहल के चलते महिलाओं को पंचायतों में 33 प्रतिशत आरक्षण का रास्ता मिला। उन्होंने बताया कि 1991 में इस दिशा में प्रस्ताव लाया गया था और बाद में 1993 में इसे लागू किया गया, जिससे देशभर में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी।
पूर्व विधायक रंजीत रावत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आज महिला सम्मान की बात करने वाली सरकार ही महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों को लेकर गंभीर नहीं दिखती। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश और देश में महिला अपराधों के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जो चिंता का विषय है।
कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों का विरोध करने और महिला सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया।

