हरेला लोकपर्व पर प्रकृति संरक्षण का संकल्प,खनन निदेशक राजपाल लेघा ने रामनगर में किया वृक्षारोपण….
काशीपुर: प्रकृति संरक्षण एवं संवर्धन को समर्पित उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर हरेला पर्व के अवसर पर रामनगर वन प्रभाग के गुलजारपुर में वन विभाग एवं खनन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ रामनगर वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) प्रकाश चन्द्र आर्य तथा उत्तराखंड के खनन निदेशक राजपाल लेघा ने पौधारोपण कर किया।
इस अवसर पर वन विभाग की लगभग 22 हेक्टेयर भूमि पर फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं संतुलित वातावरण तैयार करने का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम में वन एवं खनन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और पौधारोपण कर हरेला पर्व को पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया।



