उत्तराखंड के तीन पुलिस अधिकारियों की प्रभावी कार्यशैली का असर राष्ट्रीय स्तर पर, देश के सर्वश्रेष्ठ 100 अधिकारियों में शामिल…
देहरादून: किसी भी प्रशासनिक अधिकारी की प्रभावी कार्यशैली किसी पहचान की मोहताज नहीं होती, उस व्यक्ति निपुणता देश, प्रदेश में उसके सम्मान का आधार बन ही जाती है उत्तराखंड के तीन पुलिस कप्तानों की कार्य कुशलता ने देशभर में विभाग का सम्मान बढ़ाते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज्य के तीन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने देश के 100 सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तानों की सूची में जगह बनाकर उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। फेम इंडिया-एशिया पोस्ट की ओर से जारी की गई इस सूची में चमोली के एसपी सुरजीत सिंह पंवार, अल्मोड़ा के एसपी चंद्रशेखर घोडके और पौड़ी गढ़वाल के एसएसपी सर्वेश पंवार को शामिल किया गया है।
राष्ट्रीय स्तर पर जारी इस प्रतिष्ठित सूची में उत्तराखंड के तीन पुलिस अधिकारियों का चयन उनके कार्यों, नेतृत्व क्षमता, पुलिस प्रशासन में प्रभावी भूमिका और कानून-व्यवस्था को लेकर किए गए प्रयासों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ही राज्य के तीन अधिकारियों का देश के शीर्ष 100 पुलिस कप्तानों में शामिल होना उत्तराखंड पुलिस के लिए भी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।
फेम इंडिया-एशिया पोस्ट की इस सूची के लिए पुलिस अधिकारियों के कामकाज का विभिन्न मानकों के आधार पर आकलन किया गया। इसमें नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक दक्षता, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भूमिका, अपराध नियंत्रण, जनसरोकार, पुलिसिंग में नवाचार और चुनौतियों से निपटने की क्षमता जैसे पहलुओं को प्रमुखता दी गई।
चमोली के एसपी सुरजीत सिंह पंवार का नाम इस सूची में शामिल होना पर्वतीय एवं सीमावर्ती जिले में कानून व्यवस्था को प्रभावी तरीके से संचालित करने के प्रयासों को महत्वपूर्ण कार्य के रूप में देखा जा रहा है। अल्मोड़ा के एसपी चंद्रशेखर घोडके को भी पुलिस प्रशासन और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उनके कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर स्थान मिला है।
पौड़ी गढ़वाल के एसएसपी सर्वेश पंवार का चयन भी पहाड़ी जिले में पुलिसिंग की चुनौतियों के बीच प्रभावी नेतृत्व और बेहतर पुलिस व्यवस्था की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के रूप में किया गया।
उत्तराखंड भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण राज्य है। पर्वतीय क्षेत्रों में दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, सीमित संसाधनों, पर्यटन और तीर्थाटन के बढ़ते दबाव तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों के बीच पुलिस अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है।

