कुंभ मेले की तैयारियां तेज, मेला अधिकारी सोनिका सिंह ने ग्राउंड जीरो पर जांची व्यवस्था,ज्वालापुर रेलवे स्टेशन घाटों, मुख्य मार्गों का किया आकलन…

0

हरिद्वार: सनातन धर्म संस्कृति के प्रतीक कुंभ मेला-2027 को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से आयोजित करने के उद्देश्य से धामी सरकार के अधिकारियों ने तैयारियों को धरातल पर अंतिम रूप देना शुरु कर दिया, मेला प्रशासन जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं एवं चुनौतियों का आकलन कर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए लगातार जुटा हुआ है। मेलाधिकारी सोनिका सिंह अधिकारियों की टीम के साथ स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं को बेहतर एवं प्रभावी बनाने में जुटी हुई हैं।

हरिद्वार में इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन के मद्देनज़र ट्रैफिक संचालन, पैदल आवागमन मार्गों, यात्री सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि आगामी कुंभ मेले के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसी क्रम में शनिवार को दोपहर में मेलाधिकारी सोनिका सिंह ने अधिकारियों की टीम के साथ मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगमता एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया तथा संबंधित विभागों एवं संगठनों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने ज्वालापुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर वहां मौजूद व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दौरान यह रेलवे स्टेशन श्रद्धालुओं के आवागमन का प्रमुख केंद्र रहेगा, इसलिए स्टेशन को पूरी तरह चाक-चौबंद बनाए जाने तथा भीड़ प्रबंधन के प्रभावी उपायों पर तेजी से कार्य किया जाना आवश्यक है। उन्होंने रेलवे, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को कुंभ मेले के दौरान ट्रेनों के संचालन, बोर्डिंग एवं डिबोर्डिंग व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक प्रबंधों की विस्तृत कार्ययोजना मेला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

मेलाधिकारी ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म एवं होल्डिंग एरिया की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा आवश्यकताओं को देखते हुए स्टेशन पर दूसरी ओर से प्रवेश मार्ग विकसित किया जाए तथा वर्तमान में एकमात्र निकासी गेट के स्थान पर तीन निकासी द्वार बनाए जाएं। उन्होंने स्टेशन परिसर में पेयजल एवं शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा समुचित प्रकाश व्यवस्था किए जाने के निर्देश भी दिए। स्टेशन परिसर के बाहर झूलते विद्युत तारों को हटाने के संबंध में उन्होंने यूपीसीएल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत मेलाधिकारी ने सिंहद्वार क्षेत्र, शंकराचार्य चौक, समीपवर्ती घाटों तथा मायापुर रेगुलेटर से होकर गुजरने वाली नहर पटरी मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों के साथ कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, सुविधाजनक स्नान एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

निरीक्षण के दौरान अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, सीओ कुंभ बिपेन्द्र सिंह, सीओ जीआरपी अनुज सिंह सहित रेलवे एवं मेला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Channel Join Now
Instagram Channel Join Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed