मुख्यमंत्री धामी की ड्रग्स फ्री उत्तराखंड मुहिम का सख्ती से पालन कराते एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार, लाखों की ड्रग्स के साथ दो गिरफ्तार….
कोटद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड लक्ष्य को पूरा करने के लिए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के नेतृत्व में पुलिस नशा तस्करों पर लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है इसी क्रम में जनपद पौड़ी में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चलाए जा रहे अभियान से नशा तस्करों का नेटवर्क ध्वस्त होता जा रहा है। सीआईयू कोटद्वार ने हरिद्वार के दो तस्करों को लाखों की स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक नशा मुक्त अभियान और “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोटद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 36 लाख रुपये कीमत की 120 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी हरिद्वार जिले के रहने वाले हैं और कोटद्वार में स्मैक की खेप लेकर पहुंचे थे। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी अस्मिता मंमगाई के पर्यवेक्षण, प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी और सीआईयू प्रभारी रणजीत तोमर के नेतृत्व में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान कौड़िया रेलवे फाटक से कौड़िया कैंप की ओर स्थित मजार के गेट के पास दो युवक संदिग्ध अवस्था में घूमते दिखाई दिए।
तलाशी लेने पर सोहेल (21 वर्ष) पुत्र मांगा हसन निवासी धनपुरा, पथरी (हरिद्वार) के कब्जे से 60 ग्राम स्मैक और साहिब (20 वर्ष) पुत्र कय्यूम निवासी धनपुरा, पथरी (हरिद्वार) के कब्जे से 60 ग्राम स्मैक बरामद हुई। कुल 120 ग्राम स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 36 लाख रुपये आंकी गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली कोटद्वार में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। आपको बताते चले कि एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के कुशल नेतृत्व के चलते जनपद पुलिस एनडीपीएस एक्ट में अपराधियों के ख़िलाफ कार्रवाई में अव्वल चल रही है।
पुलिस टीम में सीआईयू प्रभारी उपनिरीक्षक रणजीत तोमर, उपनिरीक्षक अभिनव शर्मा, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, कांस्टेबल कैलाश रावत, कांस्टेबल सितांशु शामिल रहे।

